दावेदारों की गैर मौजूदगी में एकजुटता की बातें

झंडूता (बिलासपुर)। झंडूता ब्लाक कांग्रेस कमेटी की बैठक स्थानीय विश्राम गृह में आयोजित की गई। ब्लाक अध्यक्ष कैप्टन ओमप्रकाश चंदेल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पूर्व विधायक डा. बीरूराम किशोर ने भी उपस्थिति दर्ज कराई। बैठक में झंडूता विस क्षेत्र में कांग्रेस की हार के कारणों की समीक्षा की गई। हालांकि गिले-शिकवे भुलाकर एकजुट होने की बात भी की गई, लेकिन विस चुनाव में क्षेत्र से कांग्रेस टिकट की दावेदारी जताने वाले कई नेता बैठक से नदारद रहे।
झंडूता ब्लाक कांग्रेस की बैठक मुख्य रूप से विस चुनाव के नतीजों पर फोकस रही। चुनाव में डा. बीरूराम किशोर को लगभग 1200 वोटाें से हार का सामना करना पड़ा था। इसकी समीक्षा के दौरान कार्यकर्ताओं ने अलग-अलग तर्क रखे। किसी ने कहा कि भितरघात के कारण कांग्रेस को हार का मुंह देखना पड़ा, तो किसी ने कार्यकर्ताआें के साथ व्यवहार को लेकर प्रत्याशी को ही सवालों के कटघरे में खड़ा कर दिया। हार के कारणों पर मंथन करने के बाद निर्णय लिया गया कि गिले-शिकवे भुलाकर एकजुट होकर आगे बढ़ा जाए। यह बात दीगर है कि कांग्रेस टिकट के कई दावेदारों ने इस बैठक से दूरी ही बनाए रखी। डा. बीरूराम किशोर ने आश्वस्त किया कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के आशीर्वाद से झंडूता क्षेत्र में विकास कार्यों को सिरे चढ़ाया जाएगा। बैठक में सतीश कुमार, रणवीर सिंह, अश्वनी चंदेल, राकेश मेहता, प्रेमलाल, शालीग्राम, अरुण ठाकुर, गुरदेव सिंह, शमशेर सिंह, अनिल, जसवंत सिंह, पवन कौशल, राकेश चंदेल, राजकुमार, नंदकिशोर, रमेश, इंद्र धीमान, मिलखीराम, प्रकाशो देवी, राजेंद्रा कुमारी, दिलाराम धीमान और कला चंदेल ने भाग लिया।

Related posts