दाम तो बढ़ रहे पर सब्सिडी नहीं

नादौन (हमीरपुर)। घरेलू गैस सिलेंडर के दाम तो हर माह बढ़ रहे हैं लेकिन जनता को मिलने वाली सब्सिडी राशि एक ही स्थान पर अटकी हुई है। इसके चलते लोगों में गैस सब्सिडी को लेकर विरोध के स्वर उठना शुरू हो गए हैं। कंपनी तथा खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारी भी कुछ बता पाने में असमर्थ हैं। वे इसकी जिम्मेदारी केंद्र सरकार डाल रहे हैं। अब उपभोक्ता समस्या को लेकर जाएं तो जाएं कहां?
उपभोक्ताओं ईश्वर दत्त, सुशील कुमार, पुरुषोत्तम दास, सुरेंद्र पाल, रमेश चंद, नरोत्तम दास, वेद प्रकाश, कमल, प्यार चंद, सुनील कुमार, अनिल कुमार आदि का कहना है कि गैस सिलेंडर के दाम 870 रुपए लिए जा रहे थे तो उपभोक्ताओं के खाते में 435 रुपये सब्सिडी आ रही थी। सिलेंडर की कीमत 925 रुपये हुई तब भी सब्सिडी 435 रुपये ही रही। अब उपभोक्ताओं को घरेलू गैस सिलेंडर नादौन में 970 रुपये का मिल रहा है जबकि खाते में सब्सिडी 435 रुपये ही आ रही है। सब्सिडी के नाम पर लोगों को गुमराह किया जा रहा है। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग तथा आईओसी के अधिकारी केंद्र सरकार पर पल्ला झाड़ कर चुप हो जाते हैं।
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के निदेशक प्रियतु मंडल ने कहा कि सब्सिडी तो फिक्सड है। इसके बारे में ज्यादा जानकारी आईओसी कंपनी के अधिकारी ही दे सकते हैं। कंपनी के शिमला स्थित कार्यालय में एक प्रबंधकने बताया कि सब्सिडी का ट्रांसफर कहां से होता है, इसके बारे में कुछ नहीं बता सकते। यह केंद्र सरकार की बात है तथा जानकारी उनके पास नहीं है।

Related posts