दामाद-सास में मारपीट, पुलिस में शिकायत

भोरंज (हमीरपुर)। पुलिस थाना भोरंज के अंतर्गत दामाद तथा सास में मारपीट का मामला सामने आया है। दोनों ने पुलिस में घटना की शिकायत की है। शिकायतों के आधार पर पुलिस ने दोनों का मेडिकल करवा लिया है तथा मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार भलवाणी गांव निवासी मनीश कुमार पुत्र रमेश चंद नेे पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है कि बुधवार दोपहर शंभू ताल में स्थित एक मोटर मेकेनिक की दुकान पर गाड़ी की रिपेयर कर रहा था, इसी दौरान उसकी सास कांता देवी पत्नी रिखी राम निवासी डुंगरी वहां आई और कोई बात करने के लिए बुलाने लगी। मनीश ने कहा कि वह गाड़ी के नीचे घुसकर कार्य कर रहा था, इसलिए सास को कुछ देर बैठ कर इंतजार करने के लिए कहा लेकिन सास कांता देवी ने उसे गाड़ी के नीचे से घसीट कर बाहर निकाल लिया और नुकीले पत्थर से उसके सिर पर दो-तीन वार कर दिए। व्यापारियों ने उसे छुड़वाया। घटना में उसके सिर में गहरी चोटें आई हैं। दूसरी ओर कांता देवी पत्नी रिखी राम, निवासी डुंगरी ने भी पुलिस में शिकायत की है कि उसके दामाद मनीश कुमार ने उसके साथ मारपीट की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मनीश कुमार, कांता देवी का मेडिकल करवा लिया है। हमीरपुर पुलिस अधीक्षक जगत राम चौहान ने मामले की पुष्टि की।

Related posts