दाड़ला पंचायत प्रधान फिर बहाल

सुजानपुर (हमीरपुर)। क्षेत्र की दाड़ला पंचायत प्रधान को बहाल कर दिया है। डीसी ने बहाली के आदेश जारी किए हैं। उन पर कार्यों में अनियमितताओं का आरोप था।
दाड़ला पंचायत प्रधान प्रोमिला देवी पर पंचायत के कुछ लोगाें ने अनियमितता बरतने और अपनी शक्ति का दुरुपयोग करने की शिकायत जिला पंचायत अधिकारी से की थी। 26 जुलाई 2013 को संबंधित विभाग ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया। 12 अगस्त को प्रोमिला देवी ने नोटिस का जवाब दिया और कहा कि जानकारी के अभाव में उनसे अनियमितता हुई थी। जवाब के बाद 14 अक्तूबर को प्रधान को निलंबित कर दिया गया था। निलंबन आदेशों के बाद प्रधान को अपना पक्ष प्रस्तुत करने के लिए कहा गया। इसमें प्रधान ने स्पष्ट किया कि कई वर्षों से पंचायत में रह रहे प्रवासियों ने उनसे स्थायी निवासी प्रमाण पत्र मांगा था। इस पर उपप्रधान के साथ विचार-विमर्श करने के बाद वांछित प्रमाण पत्र जारी किया गया था। दूसरे आरोप के जवाब में प्रधान ने बताया कि गलती से राशन कार्ड में नाम दर्ज किया गया था। गलती का अहसास होने पर मतस्या देवी का नाम राशन कार्ड से काट दिया गया था। प्रधान ने कम अनुभव होने के कारण गलती होने पर खेद प्रकट किया। प्रधान ने दोनों आरोपों में माना कि नियमों की जानकारी के अभाव में गलती हुई है। प्रधान ने भविष्य में ऐसी गलती न दोहराने का आश्वासन दिया है। प्रारंभिक जांच रिपोर्ट और प्रधान प्रोमिला देवी के नोटिस के जवाब पर सहानुभूति पूर्वक विचार करने के बाद उपायुक्त हमीरपुर ने उन पर चल रहे मामलों को बंद करने के आदेश दिए हैं।

पंचायत प्रधान ने गलती को स्वीकार किया है और भविष्य में ऐसी गलती न दोहराने का आश्वासन दिया है। इसी के बाद प्रधान की बहाली की गई है।
-आशीष सिंहमार, डीसी हमीरपुर

ये लगे थे आरोप
पंचायत प्रधान पर प्रवासियों को स्थायी प्रमाण पत्र देने का आरोप लगा था। हालांकि उपप्रधान के साथ चर्चा के बाद ही प्रमाण पत्र दिए गए थे। एक महिला का नाम दूसरे परिवार के राशन कार्ड में दर्ज कर दिया था। बाद में उस नाम को काट दिया था। प्रधान ने अपनी गलतियों को माना और भविष्य में ऐसी गलतियां न करने का आश्वासन दिया। इसके बाद ही बहाली हो सकी।

Related posts