दाऊद के तीन गुर्गों व चार बुकीज के खिलाफ वारंट जारी

नई दिल्ली। अदालत ने आईपीएल मैच स्पॉट फिक्सिंग मामले में आरोपी दाऊद इब्राहिम के तीन गुर्गों व चार बुकीज के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किए हैं। तीनों गुर्गे पाकिस्तान में रह रहे हैं जबकि चार अन्य फरार हैं। अहम है कि इस मामले में दाऊद व छोटा शकील के खिलाफ पहले ही वारंट जारी किया जा चुका है।
साकेत अदालत स्थित अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश धर्मेश शर्मा ने दिल्ली पुलिस के आग्रह को स्वीकार करते हुए जावेद चौटानी, सलमान उर्फ मास्टर व एहतेशाम के खिलाफ गिरफ्तारी के ओपन वारंट जारी कर दिया। अदालत ने कहा सभी तथ्यों से स्पष्ट है कि तीनों आरोपी पाकिस्तान के कराची व लाहौर में रह रहे हैं। अदालत ने कहा ऐसे में तीनों के खिलाफ ओपन वारंट जारी किया जाना जरूरी है। अहम है कि ओपन वारंट तामिल करवाने की कोई अवधि नहीं होती व पुलिस कभी भी इसका प्रयोग कर आरोपियों को गिरफ्तार कर सकती है। वहीं अदालत ने संजय अग्रवाल, मो. शकील अमीर, प्रवीण कुमार ठक्कर व संदीप शर्मा के खिलाफ भी गिरफ्तारी वारंट जारी किया। साथ ही पुलिस को इन चारों को गिरफ्तार कर 30 सितंबर तक पेश करने का निर्देश दिया। बताते चलें कि पुलिस इस मामले में क्रिकेटर श्रीसंत, अंकित चव्हाण, अजीत चंदीला सहित 39 के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया था।

दाऊद ही तय करता है रेट
पुलिस के अनुसार आईपीएल मैच फिक्सिंग का पूरा खेल दाऊद इब्राहिम संचालित करता था। फिक्सिंग के रेट तय करने के अलावा दाऊद ही यह तय करता था कि किस क्रिकेटर को कितने पैसे देेने हैं। पुलिस ने अदालत को बताया कि दाऊद ने पूरे नेटवर्क पर नियंत्रण रख रहा था। उसी के इशारे पर पाकिस्तान में बैठे उसके गुर्गे छोटा शकील, जावेद चौटानी, सलमान, एहतेशाम व अन्य काम करते थे। जबकि क्रिकेटर व बुकीज को हवाला के जरिए पैसा दिया जा रहा था।

Related posts