दहेज प्रताड़ना पर छह लोग नामजद

अंब (ऊना)। दहेज प्रताड़ना को लेकर उपमंडल की एक विवाहिता ने ससुराल पक्ष के छह लोगों के खिलाफ कोर्ट के माध्यम से थाना अंब में मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने धारा 498ए के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार विवाहित महिला रेशमा कुमारी निवासी मुबारिकपुर ने शिकायत में बताया है कि उसकी शादी वर्ष 2007 में हिंदू रीति रिवाज के अनुसार सोम दत्त निवासी चौकी मन्यार के साथ हुई थी। वर्तमान में उसके चार एवं तीन वर्ष के दो बच्चे भी हैं। उन्हाेने बताया कि शादी के बाद ससुराल पक्ष के लोग उन्हें गहने एवं अन्य दहेज की मांग करने लगे। मांग पूरी न करने पर उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था, जिससे मजबूरन उन्हें अपने मायके शिवपुर मुबारिकपुर में शरण लेनी पड़ी। उन्होंने दहेज प्रताड़ना को लेकर पति सहित ससुराल पक्ष के छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। एसएचओ ओम प्रकाश ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर चौकी मन्यार स्थित ससुराल पक्ष के छह लोगों के खिलाफ धारा 498ए के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Related posts