
बरनाला: गांव नैणेवाल में गत रात्रि एक पति द्वारा अपनी पत्नी की हत्या किए जाने का समाचार है। जानकारी के अनुसार अमनदीप कौर पुत्री प्यारा सिंह वासी पंधेर का विवाह 8 महीने पहले रमनदीप सिंह पुत्र गुरदेव सिंह गांव नैणेवाल में हुआ था। ससुराल परिवार अमनदीप को दहेज के लिए परेशान करता था व मोटरसाइकिल की मांग करता था।
मृतका के ताया की लड़की सुखप्रीत कौर का विवाह भी नैणेवाल में ही हुआ है। कल उसने मृतका के परिजनों को फोन पर बताया कि अमनदीप घर से गायब है व आज उसने बताया कि उसका शव छप्पड़ किनारे पड़ा है। मृतका के भाई सिंदर सिंह, भाभी भोली व अंग्रेज कौर मौके पर पहुंचे व देखा कि मृतका के मुंह में से पैट्रोल की बदबू आ रही थी।
थाना भदौड़ के एस.एच.ओ. भूपेन्द्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने रमनदीप, उसकी माता सुरजीत कौर के खिलाफ धारा 302, 304 बी., 34 आई.पी.सी. अधीन केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
