
भल्याणी (कुल्लू)। जिला के दुर्गम गांवों तक पहाड़ों का सीना चीरकर निकाली गई दो दर्जन से अधिक सड़कें एक दशक से पक्की नहीं हो पाई हैं। सड़कों को जीवन की भाग्य रेखाओं की संज्ञा भले ही नेता मंचों से देते रहे हों लेकिन धरातल पर इनकी सुध नहीं ली जा रही। हैरत इस बात की है कि इन सड़कों को पक्का करने का काम चुनाव के दौरान ही होता है। हालात ऐसे हैं कि चुनाव आए तो सड़कों पर सोलिंग का कार्य शुरू हो जाता है। चुनाव होती ही मेटलिंग का काम भी ठप। यह सिलसिला कई सालों से चला आ रहा है।
ऐसे में कुल्लू घाटी के लोगों में प्रदेश में आने और जाने वाली सरकारों के प्रति भारी आक्रोश है। यहां तक कि जिला के कई गांवों के मतदाता लोकसभा के आने वाले उपचुनाव का बहिष्कार करने पर भी विचार कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत इन सड़कों का निर्माण हुए एक दशक हो चुका है। बावजूद इसके आजतक इन सड़कों पर तारकोल तो दूर सोलिंग तर्क का कार्य भी नहीं हो पाया है।
कुल्लू डिविजन दो में बैंची-मंझलीधार सड़क, मंसारी-सोयल, भड़ई-बागन-पीज, बरागटोली-बस्तोरी-नथान, काईस-कोटाधार, फोजल-फलेन, बारी-पेछा और रामशिला-न्यूली-लारी कोट सड़क पक्की होने की राह ताक रही हैं। डिविजन नंबर-1 के तहत दोहरानाला-खड़ीहार, खोड़ाआगे-भलाण-2, दमोठी-भरठीधार, शलवाड़-कड़ोन, शिल्हार सड़क, भुईकापुल-कोटला, ककड़नाला-ठोगी, हवाईघराट-मंझलीधार सड़क, छरोड़नाला-कशवारी, गुशैणी-पेखड़ी, टिपूधार, चनौन सड़क, बंजार-खाबल सड़क, थाटीबीड़-सआली तथा बनाला-नीणू सड़कों पर चुनावी वर्ष में ही सोलिंग का कार्य शुरू होता है।
कोटला निवासी हरिराम, मंझलीधार निवासी दयाराम, पीज निवासी, राम सिंह और कड़ोण निवासी विनय कुमार बताते हैं कि उनके दुर्गम गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने वाली सड़कों पर चुनावी वर्ष में ही कार्य शुरू होता है। बाद में सड़क पक्की करने का कार्य ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता है। विस चुनाव में भी दोनों प्रमुख दलों के नेताओं ने उनकी सड़कों को पक्की करने का वादा किया था। इन सड़कों पर लोनिवि के मजदूर ढूंढे नहीं मिलते। ग्रामीण लोकसभा के उपचुनाव का बहिष्कार करने पर भी विचार कर रहे हैं।
नए रेट पर लगवाएंगे टेंडर
लोक निर्माण विभाग के डिविजन एक अधिशासी अभियंता जीसी गुप्ता तथा तथा डिविजन दो के डीआर शासनी के अनुसार तय रेट से ठेकेदार सहमत नहीं। लोनिव नए रेट पर सड़कों के टेंडर करवाएगा। जल्द ही इन सड़कों को पक्की करने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
