
कुल्लू। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखबिंद्र सिंह अब दस मई को कुल्लू दौरे पर आएंगे। उनका आठ मई का प्रस्तावित दौरा रद हो गया है। कार्यक्रम में हुए फेरबदल का कारण सात मई को दिल्ली में राहुल गांधी के साथ होने वाली बैठक बताई जा रही है। यह जानकारी जिला कांग्रेस अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर ने दी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुल्लू दौरे में जिला कांग्रेस कमेटी के जनरल हाउस में शरीक होकर पार्टी वर्करों को लोस चुनाव को लेकर टिप्स देंगे। बीएस ठाकुर ने कहा कि बैठक में कांग्रेस पार्टी के सभी फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारी और सदस्य भाग लेंगे। ठाकुर ने कहा कि सुखबिंदर सिंह के कुल्लू दौरे को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। तैयारियों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक आठ मई को होगी। उन्होंने कहा कि इसके लिए मनाली कांग्रेस के अध्यक्ष भुवनेश्वर गौड़, कुल्लू के अध्यक्ष उत्तम शर्मा, बंजार के अध्यक्ष जय बिहारी लाल, आनी के अध्यक्ष उत्तम ठाकुर को शामिल होने के निर्देश दिए हैं। जिला अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेशाध्यक्ष के समक्ष वर्कर अपनी समस्याएं भी रख सकेंगे। पार्टी को मजबूती प्रदान करने के लिए कार्यकर्ताओं से सुझाव लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेशाध्यक्ष जिला और ब्लाक स्तर की कमेटियों के साथ अलग से बैठक होगी।
