
कुल्लू। अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा पर्व में अपनी भागीदारी के लिए आए 236 देवी-देवताओं ने शनिवार को भगवान रघुनाथ जी के अस्थायी कैंप में हाजिरी भरी। मौहल्ला पर्व पर मिलन के लिए पहुंचे सभी देवी-देवताओं ने रघुनाथ जी के रजिस्टर में उपस्थिति दर्ज करवाई। देवी-देवताओं का मिलन हुआ है। बारी-बारी से रघुनाथ के शिविर पहुंचे देवी-देवताओं ने वातावरण को देवमय कर दिया। हर्षोल्लास से मनाए गए मौहल्ला पर्व पर एक बार फिर से ढालपुर स्वर्ग लोक में तबदील हो गया।
सैकड़ों देवताओं की ओर से रघुनाथ के कैंप में हाजिरी भरने से ढालपुर को नजारा देव ध्वनि से गूंज उठा। देवी-देवताओं ने रघुनाथ को रावण के अंत के लिए अपनी शक्तियां प्रदान की हैं। देव विधि अनुसार माता देवी हिडिंबा के यहां पहुंचने पर मौहल्ला पर्व शुरू हुआ। इसके बाद समस्त 236 देवी-देवताओं ने राजा की चानणी के पास अपनी हाजिरी भरी। जिले के सबसे अमीर देवता खुडीजल ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। छठे दिन देवी-देवताओं ने रावण का अंत करने के लिए भगवान रघुनाथ की अपनी-अपनी शक्तियां दी हैं।
