दशहरे को लेकर सजने लगा ढालपुर

कुल्लू। अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव को लेकर तैयारियां जोरों पर है। जिला प्रशासन से लेकर होटल व्यवसायियों ने भी दुकानें सजाना शुरू कर दी हैं। नामी होटल अभी से पैक होने लगे हैं। दशहरे के लिए प्रशासन ने विशेष इंतजाम कर रखे हैं। देवी देवता भी दशहरा में शिरकत करने के लिए मंदिरों से रवाना हो चुके हैं। जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और दशहरा समिति ने दशहरा उत्सव को बेहतरीन बनाने के लिए रात-दिन एक किए हैं।
अठारह करडृू की सौह ढालपुर मैदान देव समागम के लिए दुल्हन की तरह सजने लगा है। शहरवासी तथा होटल व्यवसायियों ने भी घरों और होटलों को दुरुस्त करना शुरू कर दिया है। ढालपुर मैदान में स्थानीय और बाहरी राज्यों के व्यापारियों ने ढेरा जमा रखा है। प्लाट आवंटन का दौर करीब अंतिम चरण में है। ढालपुर में डोम, कबाड़ी मार्केट, तिब्बती मार्केट भी सज चुकी है। सफाई व्यवस्था के लिए बाहर से कर्मचारियों को बुलाया गया है। पुलिस टीमें भी यहां पहुंच गई हैं।
आईपीएच महकमे ने दशहरे में पानी की सप्लाई दुरुस्त रखने के लिए अतिरिक्त व्यवस्था कर रखी है। आरटीओ मीनू राम धीमान ने कहा कि दशहरा उत्सव के लिए एचआरटीसी की 32 अतिरिक्त बसें लगाई गईं हैं। विद्युत बोर्ड ने विद्युत आपूर्ति को लेकर खास इंतजाम किए हैं। युवा क्रीड़ा एवं खेल विभाग भी खेल स्पर्धाओं का खाका तैयार कर रखा है। भाषा एवं संस्कृति विभाग अधिकारी राजकुमार सकलानी ने बताया कि लोकनृत्य प्रतिस्पर्धा करवाने के लिए इंतजाम हो चुके हैं। होटल व्यवसायी किशन ठाकुर, संदीप और राजगीर का कहना है कि दशहरे में आने वाले सैलानियों के लिए तरह-तरह के पैकेजों का इंतजाम किया है। छोटे होटलों में 50 फीसदी तक आक्यूपेंसी चल रही है।

Related posts