
कुल्लू। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी विनय सिंह ठाकुर ने बताया कि कुल्लू दशहरा उत्सव में दुकानों, प्रदर्शनियों और अन्य वाणिज्यिक कार्यों के लिए प्लाटों का आवंटन आठ अक्तूबर से शुरू होगा। आवंटन प्रक्रिया तेरह अक्तूबर तक चलेगी। उन्होंने कहा कि इच्छुक आवेदक निर्धारित तिथि और तय समय पर बचत भवन कुल्लू में संपर्क कर सकते हैं।
ठाकुर ने कहा कि आठ अक्तूबर की सुबह 11 बजे से दोपहर ढाई बजे तक हिंडोला, झूले, सर्कस, वैरायटी शो, टेली कम्यूनिकेशन स्टाल, टेंट हाउस के लिए प्लाट आवंटित किए जाएंगे। 9 अक्तूबर को फूड स्टाल, होटल और थुपका समेत बैग की दुकानों के लिए प्लाट आवंटित होंगे। दस अक्तूबर को हौजरी, जूते, कपड़ा, रजाईयों तथा दस अक्तूबर को कैफे तथा 11 अक्तूबर को मिठाइयों आदि की दुकानों के लिए प्लाट आवंटित किए जाएंगे। 12 अक्तूबर को हैंडलूम, लोकल हैंडलूम, मीना बाजार की नीलामी, टैक्सी स्टैंड के नजदीक फल और जूस की दुकानें और 13 अक्तूबर को चारपाई, पुराने जूते, हलवाई, टी स्टॉल के लिए प्लाट आवंटित किए जाएंगे। एडीएम ने बताया कि 14 से 28 अक्तूबर तक निर्धारित शुल्क एक ही किस्त में लिया जाएगा। प्लाट खरीदने वाले को अपना पहचानपत्र और पुलिस सत्यापन प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा।
