
कुल्लू। कुल्लू के अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। जिला प्रशासन से लेकर होटल व्यवसायियों ने भी होटलों को संवारना शुरू कर दिया है। वहीं, पुलिस ने पूरी तैयारी कर ली है। एसपी कुल्लू डा. विनोद धवन ने बताया कि दशहरा उत्सव की सुरक्षा के लिए इस बार 1600 पुलिस जवान, 25 सीसीटीवी कैमरे और पांच चेक पोस्टों का इंतजाम किया गया है। वहीं, देवी-देवता कारदार संघ के अध्यक्ष दोत राम ठाकुर ने बताया कि इस बार सरकार और प्रशासन ने दशहरा उत्सव में 400 नए टंथा बजंतरियों को प्रोत्साहन देने का प्रावधान किया है। वहीं आईपीएच महकमे ने दशहरा उत्सव में पानी सुचारु रखने के लिए सोर्सों से लेकर दशहरा मैदान तक सप्लाई पाइपों की जांच करनी आरंभ कर दी है। आरटीओ कुल्लू मीनू राम धीमान का कहना है कि दशहरा उत्सव के लिए 32 अतिरिक्त एचआरटीसी की बसों का इंतजाम किया गया है। वहीं, विद्युत बोर्ड भी लाइनों को दुरुस्त करने में जुट गया है। यहां देव समागम का नजारा देखने आने वाले लोगों को किसी प्रकार की समस्याओं का सामना न करना पड़े। इसके लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। कुल मिलाकर जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, दशहरा समिति ने दशहरा उत्सव को बेहतरीन बनाने के लिए रात-दिन एक कर दिए हैं।
देवभूमि यानी अठारह करडृू की सौह ढालपुर मैदान देव समागम के लिए सजने-धजने लगी है। वहीं, शहरवासी भी घरों और होटलों को संवारने में जुट गए हैं। वहीं, दशहरा समिति कार्यक्रमों की रूपरेखा बनाने में जुट गई है। इसके अलावा देव-देवता कारदार संघ ने भी देव समागम में शरीक होने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। युवा क्रीड़ा एवं खेल विभाग भी खेल प्रति स्पर्धाओं का खाका तैयार कर रहा है। इसके अलावा होटल व्यवसायियों में भी काफी उत्साह है। वहीं, दशहरा सीजन को लेकर पहाड़ाें की मल्लिका मनाली सज धज कर सैलानियों के आगमन के लिए तैयार है। होटल होटल व्यवसायी किशन, संदीप का कहना है कि दशहरा में आने वाले सैलानियों के लिए तरह-तरह के पैकेजों का इंतजाम किया गया है।
