दशहरा उत्सव में चला जलेबी का जलवा

कुल्लू। ढालपुर मैदान में दशहरा उत्सव के दौरान सजे अस्थायी बाजार में जलेबी की महक लोगों को अपनी ओर खींच रही है। कारोबारियों के दावे पर अगर यकीन करें तो उन्होंने दशहरा उत्सव से लेकर अब तक करीब 40 लाख रुपये तक की जलेबी बेच दी है।
उनका दावा सही मानें तो दशहरा उत्सव के दौरान सजे अस्थायी बाजार में फास्ट फूड पर अकेली जलेबी भारी पड़ी है। ढालपुर में हलवाई की अस्थायी दुकान लगाने वाले पृथ्वी चंद का कहना है कि वह अब तक करीब 30 क्विंटल जलेबी बेच चुके हैं। कोठी-काईस के रामप्रसाद शर्मा, चनसारी के जोगिंदर शर्मा ने बताया कि दशहरा उत्सव से लेकर अब तक वे भी करीब 30 क्विंटल जलेबी बेच चुके हैं। अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव में करीब एक दर्जन से ज्यादा हलवाई की दुकानें हैं। इन सभी ने क्विंटलों के हिसाब से जलेबी बेची है। यानी जलेबी कारोबार लाखों में हुआ है। यहां जलेबी 100 रुपये किलोग्राम के भाव से बिक रही है।
मणिकर्ण के सोमदत्त, भुंतर की रीना देवी, बंजार की बबली, आनी के लाल चंद, तेज राम, जगदीश, भल्याणी निवासी महेंद्र सिंह, दवेंद्र सिंह, मेहर सिंह, बड़ाग्रा निवासी जय सिंह ने बताया कि जब वे ढालपुर में लगे अस्थायी बाजार में आए तो जलेबी जरूर खाई। परिवार के लोगों के लिए भी वे यहां से जलेबी खरीदकर ले गए। बुद्धि जीवी बालाराम ठाकुर, नवल ठाकुर, देवी दयाल आदि का कहना है कि फास्ट फूड पर पारंपरिक व्यंजन भारी पड़ने लगे हैं।

Related posts