
कुल्लू। आखिर पीणी-तलपीणीवासियों का सड़क का सपना साकार हो गया है। दशकों बाद शारणी-पीणी सड़क की मांग सिरे चढ़ गई है। 28 नवंबर को सांसद प्रतिभा सिंह सड़क का भूमि पूजन करने आएंगी। इससे दो पंचायतों के हजारों ग्रामीण बेहद खुश हैं। इसके लिए ग्रामीणों ने सरकार का आभार जताया है।
मणिकर्ण घाटी के तहत पड़ने वाली शारणी-पीणी सड़क की मांग दशकों से ग्रामीण कर रहे हैं। कई बार टेंडर न होना और कई बार लोगों द्वारा भूमि दान न देने से सड़क कागजों में ही सिमट कर रह रही थी, लेकिन ग्रामीणों की मांग और विभाग की कवायद ने सड़क को सिरे चढ़ा दिया है। तलपीणी पंचायत के उपप्रधान मोहर सिंह ठाकुर, पीणी पंचायत प्रधान मीना देवी, उपप्रधान सोमराज, वीर चंद, अमरनाथ व देवी राम ने बताया कि 28 नवंबर को सांसद प्रतिभा सिंह सड़क का भूमि पूजन करेंगी। उन्होंने बताया कि उनके स्वागत के लिए पीणी और तलपीणीवासियों ने तैयारियां कर ली हैं। उधर, लोक निर्माण विभाग शाट में तैनात एसडीओ विनोद शर्मा ने बताया कि साढे़ छह करोड़ रुपये सड़क और डेढ़ करोड़ रुपये पुल निर्माण के लिए मंजूर हुए हैं। उन्होंने बताया कि भूमि पूजन के बाद युद्धस्तर पर सड़क निर्माण कार्य को छेड़ा जाएगा
