दवा क्षेत्र में एफडीआई मंजूर नहीं

ऊना। आल इंडिया केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट एसोसिएशन की ओर से 10 मई को देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया गया है। जिसके चलते जिला ऊना केमिस्ट एसोसिएशन ने भी हड़ताल को सफल बनाने को कमर कस ली है। एसोसिएशन के अध्यक्ष मुनीष चड्ढा ने बताया कि सभी केमिस्टों को सूचना दे दी गई है। पूरे देश में करीब 7.50 लाख केमिस्ट की दुकानें हैं, जोकि एक दिन के बंद के दौरान पूर्ण रूप से बंद रखी जाएंगी। उन्हाेंने बताया कि यह हड़ताल केमिस्टों को पेश आ रही समस्याओं के संदर्भ में होगी। इसमें 2008 के दवाई बेचने के कानून में किए गए बदलाव और दवाएं बेचने पर मुनाफा कम होने की वजह भी प्रमुख है। किसी दवाई का सैंपल फेल हो जाने पर निर्माता की गलती होने के बावजूद केमिस्ट को भी कोर्ट के चक्कर लगाने पर मजबूर होना पड़ता है। जबकि केमिस्ट सील बंद दवाई बेचता है। उनकी मांग है कि वैध दस्तावेज पूरे होने पर जब तक केमिस्ट दोषी साबित नहीं हो जाता, तब तक उसे कोर्ट में पेशी से छूट मिलनी चाहिए। यदि एसोसिएशन की मांगों पर विचार नहीं किया गया तो आने वाले समय में संघर्ष और तेज किया जाएगा। चड्ढा ने बताया कि केमिस्ट एसोसिएशन दवा क्षेत्र में एफडीआई का विरोध करेगी।

Related posts