
रामपुर बुशहर। दूध की पेमेंट न मिलने पर भड़के किसानों ने दत्तनगर में धरना प्रदर्शन किया। किसानों का आरोप है कि उन्हें पिछले पांच महीनों से दूध की पेमेंट नहीं की गई है। गुस्साए दूध उत्पादकों ने मिल्क प्लांट प्रबंधन को दूध के भुगतान के लिए 22 फरवरी तक का समय दिया है।
किसान सभा के राज्य उपाध्यक्ष राकेश सिंघा के नेतृत्व में वीरवार को दत्तनगर मिल्क प्लांट पर दूध उत्पादकों ने जोरदार धरना प्रदर्शन किया। दूध उत्पादकों ने आरोप लगाया कि उन्हें पिछले पांच माह से दूध की पेमेंट नहीं की गई है। इसके चलते किसानों को आर्थिक तंगी के दौर से गुजरना पड़ रहा है। दत्तनगर मिल्क प्लांट में कुमारसैन, नित्थर, रामपुर, आनी, कोटगढ़ और कोटलू के किसान दूध को सप्लाई करते हैं। लेकिन, इन दूध उत्पादकों को दूध का भुगतान न होने से भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। धरने में शामिल किसानों ने मिल्क प्लांट प्रबंधन को अब दूध की पेमेंट के लिए 22 फरवरी तक का समय दिया है। इस दौरान दूध उत्पादकों ने दो टूक कहा कि अगर उन्हें समय रहते दूध की पेमेंट नहीं की गई तो वे आंदोलन को और तेज कर देंगे। धरना प्रदर्शन में दिनेश, धर्मपाल, जगदीश, अविनाश, अरवन, प्रेमा चौहान, काकू, निशा, वीर सिंह तथा भारती सहित दर्जनों दूध उत्पादकों ने हिस्सा लिया।
