दंपति पर किए तलवार से वार

ऊना/दुलैहड़। सिंगा में शनिवार दोपहर जमीनी विवाद को लेकर हुई कहासुनी ने भयंकर रूप धारण कर लिया। युवक ने तलवार से दंपति पर हमला कर उन्हें बुरी तरह घायल कर डाला। महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, युवक मौके से फरार बताया जा रहा है। जबकि पुलिस ने मामले के संदर्भ में केस दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार सिंगा निवासी योगेंद्र पाल शर्मा पुत्र तुलसी राम घर के लिए चारदीवारी करवा रहे थे। इसी दौरान उन्हीं के एक पड़ोसी ने मौके पर पहुंचकर धक्का-मुक्की शुरू कर दी, लेकिन उस समय अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करवा दिया। कुछ ही देर बाद पड़ोसी का पुत्र भावेश उर्फ काका हाथ में तलवार लिए योगेंद्र पाल शर्मा के घर में आ घुसा। आरोपी की ओर से योगेंद्रपाल पर किए गए वार को रोकने के लिए उनकी पत्नी प्रेम कुमारी शर्मा बीच में आ गई। लेकिन, इसके बाद भी युवक शांत नहीं हुआ और उसने एक के बाद एक कई वार महिला पर कर डाले। वारदात के दौरान महिला की दोनों बाजू और टांगों पर तलवार से वार किए गए। जिससे वह बुरी तरह घायल हो गई है। परिजनों ने जैसे तैसे महिला को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया और अस्पताल ले जाया गया। क्षेत्रीय अस्पताल में डा. मुकेश शर्मा, डा. डीके शर्मा और डा. अशोक दड़ोच टीम सहित घायल दंपति के उपचार में जुटे हैं। उधर, एसएचओ हरोली महेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जबकि छानबीन आरंभ कर दी गई है। युवक अभी फरार है। जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।

Related posts