
खराहल (कुल्लू)। पारा चढ़ने के कारण कीट भी खेत खलियानों में पनपने लगे हैं। इन दिनों घाटी में प्याज की फसल पर थीपस कीट ने हमला बोल दिया है। थ्रीपस कीट प्याज पर खिले फूलों के रस को चूसने लगे हैं। परिणाम स्वरूप प्याज के पौधे की ग्रोथ रुक गई है। विशेषज्ञों के मुताबिक अत्यधिक गर्मी के बढ़ने से थीपस कीट पनपता है। ऐसे में किसान प्याज बीज के उत्पादन के प्रति चिंतित हैं।
अधिक गर्मी और सूखे के कारण थीपस कीट ने हमला बोल दिया है। प्याज के फूलों पर लगे इस कीट से प्याज के उत्पादन में कमी आने की आशंका है। प्याज उत्पादक अमीश, नवीन, सुरेश, संजीव, रोशन, रामनाथ, सतीश ठाकुर और रूप सिंह ने बताया कि घाटी में प्याज की खेती पर थीपस का ने हमला बोल दिया है। यह कीट फूलों के रस को चूस रहे हैं जिससे फूल विकसित होने से रुक गए हैं। किसानों का कहना है कि उनके खेतों में प्याज का पौधा काफी ग्रोथ तथा गुणवत्ता के आधार पर विकसित हो रहा था लेकिन पिछले कुछ दिनों से ग्रोथ रुक गई है।
जिला में करीब छह सौ बीघा भूमि पर प्याज की खेती होती है। सैकड़ों किसान प्याज बीज उत्पादन पर निर्भर हैं। इसी से परिवार की गुजर बसर होती है। जैन कंपनी के प्याज विशेषज्ञ धाके ने कहा कि गर्मी के कारण थ्रीपस कीट पनप रहा है। फसल को इस कीट से बचाने के लिए किसानों को समय-समय पर अपना खेतों में दवाइयों का छिड़काव करना चाहिए।
