थुलेल से 1.70 लाख के गहने चोरी

सिहुंता (चंबा)। सिहुंता क्षेत्र के एक व्यक्ति के घर से चोर एक लाख 70 हजार के गहने चुरा ले गए हैं। सोमदत्त पुत्र रतन चंद गांव थुलेल पंचायत थुलेल ने चोरी की शिकायत पुलिस में दर्ज करवा दी है। उन्होंने बताया कि चोरों ने उनके घर के कमरे के ताले तोड़कर नकदी चुराई है। चोरों ने बुधवार देर रात कमरे का ताला तोड़कर कमरे में रखी गोदरेज की अलमारी भी तोड़ डाली और उसमें रखे गहनों पर हाथ साफ कर लिया। बीती रात को परिवार के तीन सदस्य मकान के दूसरे कमरे में सो रहे थे। जिस कमरे में गहने रखे हुए थे, उस कमरे को ताला लगा हुआ था। सोमदत्त ने बताया कि उसकी बहू बुधवार शाम करीब ग्यारह बजे सोने को गई तो कमरा बंद था। वीरवार सुबह उठकर देखा तो कमरे का ताला टूटा हुआ था और कमरे से सोने के करीब 56 ग्राम के गहने और चांदी के डेढ़ तोले के जेवरात चोरी हो गए थे। उन्होंने बताया कि चोरी हुए जेवरातों में सोने का गले का हार, दो अरगू, सोने के झूमके, अंगूठी, चांदी के झुमके का सेट, चांदी का हार व चूड़ियां शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इसकी शिकायत पुलिस से कर दी गई है। चुवाड़ी थाने के एसएचओ परवेश सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर जाकर निरीक्षण किया और पुलिस ने मामला दर्ज कर इसकी पड़ताल आरंभ कर दी है।
उधर, पुलिस अधीक्षक चंबा जगत राम ने बताया कि चोरी के मामले में आईपीसी की धारा 457, 380 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। ज्ञात रहे कि सिहुुंता क्षेत्र में पहले भी गहने चोरी होने की घटनाएं हो चुकी हैं। पिछले साल चोरों ने कई लाख रुपये के गहनों पर हाथ साफ किया था।

Related posts