थाने तलब किए पूर्व विधायक बलवीर

ऊना। दौलतपुर चौक क्षेत्र के एक गांव की महिला के अपहरण के मामले में गगरेट के पूर्व विधायक एवं मौजूदा भाजपा एससी मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष बलवीर चौधरी को मंगलवार थाने तलब किया गया। यहां डीएसपी अंब मदन लाल कौशल की मौजूदगी में उनके बयान दर्ज किए गए। एसपी ऊना केसी शर्मा ने विधायक के बयान दर्ज किए जाने की पुष्टि की है। एसपी केसी शर्मा ने बताया पूर्व विधायक के बयान लिए गए। उन्होंने बताया कि पूर्व विधायक ने भी माना है कि महिला को उनके पास किसी स्थान पर नौकरी दिलाने की मांग को लेकर लाया गया था, लेकिन उस समय उन्होंने किसी भी क्षेत्र में कोई पद रिक्त न होने की बात कहकर वापस लौटा दिया था। वहीं मामले में महिला के पति की ओर से मुख्य आरोपी बनाए गए तलमेहड़ा के निवासी व्यक्ति मक्खन सिंह से अभी मामले में पूछताछ होना बाकी है। एसपी ने बताया कि उक्त व्यक्ति अभी पंजाब में रह रहा है, जिसे थाने में पेश होने के निर्देश दे दिए गए हैं।
एसपी केसी शर्मा ने खुलासा किया कि महिला का मोबाइल नंबर अभी भी चल रहा है। इसके संदर्भ में पुलिस छानबीन कर रही है। उन्होंने बताया कि महिला की गुमशुदगी की रपट सितंबर 2012 के पहले ही सप्ताह में दर्ज कर ली गई थी, जबकि 10 सितंबर 2012 को महिला ने पुलिस चौकी खुद फोन कर यह कहा था कि वह पंजाब में है और अपनी मर्जी से वहां गई है। उसे खोजने के प्रयास न किए जाएं। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं पर बारीकी से जांच कर रही है।

Related posts