
कुल्लू। युवा सेवाएं एवं खेल विभाग कुल्लू की ओर से खंड स्तरीय पाइका खेल प्रतियोगिता का आगाज मंगलवार को ढालपुर मैदान में हो गया। खंड स्तरीय पाइका खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ ढालपुर खेल परिसर में वंदेमातरम और खिलाड़ियों के शपथ ग्रहण से हुआ। प्रतियोगिता में विकास खंड कुल्लू की 12 टीमों के करीब 250 के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
जिला खेल अधिकारी संजय शर्मा ने बताया कि पहले दिन के मुकाबले में लड़कियों के वर्ग में वॉलीबाल में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल थरास विजेता और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल भुंतर का दबदबा रहा। कबड्डी में रावमापा बजौरा स्कूल, रावमापा और राउपा शाट के खिलाड़ियों ने जीत दर्ज की। लड़कों के वर्ग में वॉलीबाल में राउपा डुगीलग और राउपा सचाणी ने कब्जा जमाया। कबड्डी के मुकाबले में रावमापा जल्लुग्रां और राउपा दोघरी के खिलाड़ियों ने जीत दर्ज की। खंड स्तरीय प्रतियोगिता में वालीबाल, कबड्डी, बास्केटबाल, बैडमिंटन और एथलेटिक्स स्पर्धाओं का आयोजन किया जा रहा है। 24 जुलाई को विजेताओं और उपविजेताओं को एसडीएम विनय सिंह सम्मानित करेंगे।
