तो दस फीसदी तक महंगे मिलेंगे प्लाट

कुल्लू। अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव के नजदीक आते ही तैयारियां भी जोरों से शुरू हो चुकी हैं। जिला प्रशासन सफल आयोजन को लेकर कमर कस कर जुट गया है। दशहरा में किन कलाकारों को बुलाना है और दशहरे में क्या नया हो इस पर मंथन हो रहा है। समिति ने इस साल दशहरा उत्सव में प्लाटों के रेट बढ़ाने की सोच रही है। समिति 10 फीसदी तक प्लाट के दाम बढ़ाने जा रही है। इस कारण दशहरा उत्सव में आने वाले बाहरी सैकड़ों व्यापारियों को महंगे दाम में प्लाट लेने होंगे।
कारोबारियों को बीते साल की अपेक्षा चुकाए गए रेट से दस फीसदी अधिक राशि चुकानी होगी। दशहरा उत्सव समिति का तर्क है कि दशहरा उत्सव में बढ़ते खर्च को देखते हुए दूसरा कोई विकल्प नहीं है।
एडीएम विनय सिंह ठाकुर ने कहा कि प्लाट आवंटन प्रक्रिया में पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता बरती जाएगी। सबलैटिंग करने वालों को किसी भी स्तर पर बख्शा नहीं जाएगा। आठ अक्तूबर से प्लाट आवंटन प्रक्रिया शुरू होगी। यह तेरह सितंबर तक चलेगी। एडीएम ने कहा कि इस बार प्लाट का दायरा छोटा रहेगा। लोगों को आवाजाही में करने में किसी तरह की दिक्कत न हो इसका भी ख्याल रखा जा रहा है।

दूसरा कोई विकल्प नहीं
दशहरे में बढ़ते खर्चों को देखते हुए प्लाटों के किराये में वृद्धि करने के अलावा आमदनी बढ़ाने का दूसरा कोई विकल्प नहीं है। ऐसे में दशहरा उत्सव में प्लाट के रेट बढ़ाना जरूरी हो गए हैं।
विनय सिंह ठाकुर एडीएम कुल्लू

Related posts