तैयारी उपचुनाव की, निशाना मिशन 2014

कुल्लू। मंडी लोकसभा उपचुनाव की आहट के बीच भाजपा ने अपने कार्यक्रमों को तेज कर दिया है। कार्यकर्ता सम्मेलन के बहाने संगठन ने केंद्र की यूपीए और प्रदेश कांग्रेस सरकार पर बोलना शुरू कर दिया है। प्रदेश भाजपा ने मंडी संसदीय क्षेत्र के उपचुनाव का किला भेदने को पार्टी कार्यकर्ताओं को कमर कसने की नसीहत दी है। साथ ही यूपीए सरकार की नाकामी तथा प्रदेश सरकार द्वारा बदले की भावना से किए जा रहे कामों को लोगों के समक्ष रखने की हिदायत दी जा रही है।
प्रदेश में सत्ता गंवा चुकी भाजपा नए जोश के साथ मंडी लोस उपचुनाव में उतरने जा रही है। उपचुनाव की तैयारियों से लग रहा है कि भाजपा का असली लक्ष्य अगले साल होने वाले आम चुनाव है। विस चुनाव की हार को देखते हुए प्रदेश भाजपा पूरे जोश के साथ कुछ दिनों से अचानक सक्रिय हो गई है। मंडी लोस उपचुनाव जहां मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के लिए प्रतिष्ठा का सवाल होगा वहीं भाजपा इस महत्वपूर्ण उपचुनाव को जीतकर 2014 के आम चुनाव में पार्टी के पक्ष में माहौल का बनाना चाहेगी।
जिला के सदर कुल्लू, मनाली तथा बंजार विस में हो रहे संगठन के कार्यकर्ता सम्मेलन में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री, प्रदेश अध्यक्ष के साथ कई बड़े नेता इस तैयारी में लगे हैं। भाजपा भले ही तैयारियां उपचुनाव की कर रही हो लेकिन संगठन का असली निशाना मिशन-2014 है। मंडी संसदीय सीट से भाजपा ने अपने प्रत्याशियों के तीन नामों की सूची केंद्रीय हाईकमान को सौंपी है। एक-दो दिन में अंतिम एक नाम पर मोहर लग जाएगी। दूसरी ओर कांग्रेस ने अभी तक अपने प्रत्याशी का नाम उजागर नहीं किया है लेकिन पार्टी के भीतर पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह के नाम पर चर्चा जोरों पर है। ऐसे में आने वाले दिनों में चढ़ते पारे के साथ सियासत का पारा भी और चढ़ेगा।

Related posts