
ऊना। स्थानीय महाविद्यालय में एबीवीपी और कालेज प्रशासन के बीच चल रहा गतिरोध खत्म होता नजर नहीं आ रहा है। हालात यह है कि एबीवीपी ने निलंबित छात्रों के समर्थन में भूख हड़ताल लगातार जारी रखी है। सोमवार से आमरण अनशन पर बैठे छात्र विकास बंटी के बाद मंगलवार को एक और छात्र तेजस्वी उपमन्यु आमरण अनशन पर बैठ गए हैं। इसके साथ ही आमरण अनशन पर बैठे छात्रों की संख्या दो हो गई है। वहीं क्रमिक अनशन पर भी रोजाना अन्य कार्यकर्ता भी बारी-बारी अपना विरोध जता रहे हैं। एबीवीपी ने उग्र रूप धारण करते दो टूक शब्दों में कहा कि जब तक कालेज प्रशासन छात्रों की बहाली नहीं करता, तब तक अनशन लगातार जारी रहेगा। चाहे उन्हें अपनी जान की कुर्बानी क्यों न देनी पड़े। हैरत की बात है कि 24 घंटे बीत जाने के बावजूद भी प्रशासन ने आमरण अनशन पर बैठे छात्र विकास की कोई सुध नहीं ली है और न ही कोई स्वास्थ्य टीम मौके पर जांच करने पहुंची है। उधर, स्थिति को गरमाता देख कालेज में पुलिस कर्मियों की भी तैनाती की गई है। पूर्व इकाई अध्यक्ष जसविंद्र ने कहा कि एक बार निलंबन करने के बाद छात्रों को फिर से दंडित करना कहां का न्याय है। उन्होंने कहा कि यदि कालेज प्रशासन ने शीघ्र छात्रों की बहाली नहीं की तो आंदोलन और उग्र होगा। इसके लिए प्रदेश सरकार, जिला प्रशासन सहित कालेज प्रशासन भी जिम्मेदार होगा।
