
बंगाणा (ऊना)। क्षेत्र के गांव ठंडी खूई में एक बाइक सवार ने राहगीर महिला को टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे घायलावस्था में सीएचसी बंगाणा में उपचाराधीन करवाया गया। यहां चिकित्सकों की देखरेख में महिला का इलाज चल रहा है। बाइक चालक घटनास्थल से फरार हो गया है। पुलिस ने वारदात स्थल पर पहुंच कर केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार सोमवार शाम चार बजे के करीब डूमखर से बंगाणा की ओर से तेज गति से आ रहे एक बाइक सवार ने लराटिया निवासी बदांऊ (उत्तर प्रदेश) को टक्कर मार दी। महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को सीएचसी बंगाणा पहुंचाया गया। यहां महिला को डा. दिशा ठाकुर ने प्राथमिक उपचार के बाद ऊना रेफर कर दिया। डा. दिशा ने बताया कि महिला की दोनों टांगे फ्रेक्चर हो गई हैं।
चश्मदीदों के मुताबिक महिला को टक्कर मारने वाला बाइक चालक बंगाणा क्षेत्र का ही रहने वाला है। बंगाणा के थाना प्रभारी रामदास कौशल ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंच कर अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
