तेज रफ्तार कार ने रौंदा साइकिल सवार

ऊना। जिला मुख्यालय के समीपवर्ती रक्कड़ कालोनी में रविवार सुबह कार और साइकिल में हुई जोरदार भिड़ंत में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक को घायलावस्था में ऊना के क्षेत्रीय अस्पताल से पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि मामले के संदर्भ में केस दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार तरसेम लाल पुत्र मनिया राम निवासी मलाहत रविवार सुबह साइकिल पर रक्कड़ कालोनी जा रहा था। इसी दौरान उसकी टक्कर सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार से हो गई। गंभीर रूप से घायल तरसेम लाल को स्थानीय लोगों की मदद से क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया, जहां उसकी नाजुक होती हालत के चलते चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के तुरंत बाद उसे चंडीगढ़ स्थित पीजीआई रेफर कर दिया, लेकिन पीजीआई ले जाते समय रास्ते में ही तरसेम लाल ने दम तोड़ दिया। एसपी ऊना केसी शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने घटना के संदर्भ में केस दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है, जबकि शव को पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में ले लिया गया है।

Related posts