
अंब (ऊना)। स्थानीय अंब-ऊना मुख्य मार्ग पर पड़ते कुठयाडी में एक तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से सात वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसे उपचार के लिए अंब स्थित चिकित्सालय में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने मामले की जानकारी मिलते ही छानबीन आरंभ कर दी है। कार चालक को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार अभिषेक पुत्र रणजीत सिंह निवासी लोहारा अपनी मां और मासी के साथ नाना के घर जाने के लिए कुठयाड़ी में बस से उतरा था। बस के गुजरने के बाद ऊना की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। इसमें अभिषेक के सिर और शरीर पर चोटें आई हैं। हादसे के फौरन बाद एक निजी वाहन घायल अभिषेक को खंड चिकित्सालय अंब ले जाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। अंब थाना के ट्रैफिक इंचार्ज अमरीक सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने पर चारों तरफ नाके लगा दिए गए हैं। कार चालक की तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि घायल बच्चे को अंब चिकित्सालय में उपचार दिलाया जा रहा है।
