तेजधार हथियारों से युवक पर हमला

नंगड़ा (ऊना)। क्षेत्र के खानपुर और फतेहपुर के बीच शनिवार को एक युवक पर पंजाब निवासी कुछ युवकाें ने तेजधार हथियारों से हमला कर उसे बुरी तरह जख्मी कर दिया। स्थानीय लोगों ने बीच बचाव कर घायल युवक को बड़ी मशक्कत से हमलावरों के चंगुल से छुड़ाया। जब युवक दराट, तलवारों और ग्रिप के वारों से अचेत होकर जमीन पर गिर चुका था। उस समय भी हमलावरों ने उस पर वार करना बंद नहीं किया। स्थानीय लोगाें ने 108 एंबुलेंस की मदद से फौरन युवक को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। वारदात का कारण पुरानी रंजिश बताया जा रहा है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पंजाब सीमा से सटे जिला के मलूकपुर गांव के निवासी 21 वर्षीय लखविंद्र सिंह पुत्र हरमेश सिंह शनिवार को एक केस के सिलसिले में ऊना में किसी वकील से मिलकर वापस अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान फतेहपुर और खानपुर की सीमा पर पंजाब के रोपड़ जिले के पलासी गांव निवासी चार युवकों ने पुरानी रंजिश के चलते लखविंद्र सिंह को घेर लिया और तेज धार हथियारों से उस पर हमला कर दिया। हमलावर युवक दराट, तलवारों एवं ग्रिप से लैस होकर आए थे। स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप से युवक को बेहद मुश्किल से बचाया जा सका। हमलावर युवक मौके से तुरंत फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से घायल को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया, जहां उसके पिता हरमेश सिंह ने हमले का कारण पुरानी रंजिश करार देते हुए कहा कि लखविंद्र और इसके भाई के साथ कुछ साल पहले हुई मारपीट के चलते उनके बेटे पर हमला हुआ है। बहरहाल पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है। डीएसपी हैडक्वार्टर सुरेंद्र शर्मा का कहना है कि घायल युवक के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। वारदात के आरोपियाें को जल्द दबोच लिया जाएगा।

Related posts