तेंदुलकर और पोंटिंग से सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज हैं लारा’

तेंदुलकर और पोंटिंग से सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज हैं लारा’

कराची: ब्रायन लारा और सचिन तेंदुलकर में सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज कौन की चर्चा में खुद को शामिल करते हुए पाकिस्तान के आलराउंडर शाहिद अफरीदी ने कहा कि वेस्टइंडीज का बल्लेबाज अपने युग के अन्य खिलाडिय़ों से काफी आगे है। अफरीदी ने कहा, ‘‘मैंने अपने 16 साल के करियर में जिन खिलाडिय़ों को देखा है उनमें लारा सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज हैं। मैंने उन्हें इस युग के दो अन्य महान बल्लेबाजों तेंदुलकर और रिकी पोंटिंग से बेहतर मानता हूं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे खेल के प्रत्येक प्रारूप में उन्हें (लारा) गेंदबाजी करना सबसे मुश्किल लगा। वह मनमाफिक शाट खेल सकता है। विशेषकर स्पिनरों के खिलाफ वह बाउंड्री जडऩे में माहिर रहा है। वह बेहतरीन बल्लेबाज है और मुझे उन्हें खेलते हुए देखने में मजा आता है।’’ अफरीदी ने कहा कि कुछ अवसरों पर उन्हें लगा कि लारा आंख पर पट्टी बांधकर पर भी खेल सकता है।

उन्होंने कहा, ‘‘कई बार मुझे लगा कि वह स्पिन को इतनी अच्छी तरह से खेल रहा है कि वह आंख पर पट्टी बांधकर भी बल्लेबाजी कर सकता है। तेंदुलकर और पोंटिंग भी महान बल्लेबाज है लेकिन लारा उनसे काफी आगे है।’’ अपने जमाने के सर्वकालिक गेंदबाजों के बारे में बात करते हुए अफरीदी ने ऑस्ट्रेलिया के ग्लेन मैकग्रा और हमवतन मोहम्मद आसिफ की तारीफ की जो नयी गेंद को मनमाफिक स्विंग करा सकते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता कि केवल यही दो ऐसे गेंदबाज हैं जो जानते थे कि उन्हें कब इनस्विंग और कब आउटस्विंग करानी है और यह किसी भी गेंदबाज की बड़ी खासियत होती है।’’

Related posts