
ऊना/मैड़ी। तेज अंधड़ के कारण देहरादून से नई दिल्ली होते हुए ऊना आने वाली जनशताब्दी ट्रेन ढाई घंटे देरी से पहुंची। ट्रेन के ऊना पहुंचने का समय रात दस बजे का है, लेकिन वीरवार रात्रि ट्रेन साढ़े 12 बजे ऊना पहुंच पाई। ऊना के स्टेशन अधीक्षक बीएस ठाकुर ने बताया कि हरियाणा और पंजाब के कई स्थानों पर तेज अंधड़ के कारण कई पेड़ टूट कर रेल लाइन पर गिर गए थे। जिसके कारण यह समस्या पेश आई है। वहीं, आधी रात के समय ट्रेन के ऊना पहुंचने से कई यात्रियों को अपने गंतव्यों तक पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
उधर, उपमंडल अंब में अंधड़ और बारिश से काफी नुकसान हुआ है। तेज आंधी के साथ हुई बारिश से राजपुर जस्वां पंचायत के बिल्लां दा थप्पल में अशोक कुमार का मकान क्षतिग्रस्त हो गया। उसके टीन पोश मकान के दो कमरों के बीच की दीवार गिर गई तथा कुछ टीन उखड़ कर काफी दूर जा गिरी। अनुमान के मुताबिक उसका 80 हजार रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। अशोक कुमार के परिवार ने अभी इस नवनिर्मित मकान में रहना शुरू नहीं किया था। राजपुर जस्वां के पंचायत प्रधान सुखदेव सिंह तथा उपप्रधान जगदीश राम शर्मा ने अंधड़ प्रभावितों को सरकार की ओर से मदद दिए जाने की मांग की है। एक अन्य घटना में ज्वार पंचायत के लाहड़ में तेज अंधड़ के कारण कुलदीप कुमार के मकान की छत उड़ गई। जबकि, मकान के भीतर रखे फ्रिज और टीवी क्षतिग्रस्त हो गए। पंचायत प्रधान ब्रह्मदास ने पीड़ित परिवार को सरकार की ओर से उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की है।
