
नादौन (हमीरपुर)। उपमंडल में आधार कार्ड कार्यालय बंद रहने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आधार कार्ड कार्यालय वीरवार को तीसरे दिन भी बंद रहा। लोगों को बिना आधार कार्ड बनवाए वापस लौटना पड़ रहा है। लोगों में प्रशासन के खिलाफ रोष है। आधार कार्ड बनवाने पहुंचे लोगों में रोहित कुमार, जय राम, प्रदीप कुमार, सुरेश कुमार, अनिरुद्ध शर्मा, कमलेश कुमार, प्रकाश चंद आदि का कहना है कि वीरवार को आधार कार्ड कार्यालय बंद रहने से परेशानी का सामना करना पड़ा। पिछले तीन दिन से आधार कार्ड कार्यालय बंद पड़ा है।
समस्या के समाधान को लेकर एडीसी हमीरपुर से कार्यालय को खुलवाने की गुहार भी लगाई जा चुकी है लेकिन अभी तक कार्यालय नहीं खुला है। कई लोग आधार कर्मी के पहुंचने के इंतजार में कार्यालय के बाहर बैठे रहे। कर्मचारी के न पहुंचने पर उन्हें मायूस होकर लौटना पड़ रहा है। लोगों ने प्रशासन से मांग की कि आधार कार्ड कार्यालय को जल्द खुलवाया जाए। जिससे लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। हमीरपुर जिला में डायरेक्ट कैश ट्रांसफर योजना लागू कर दी गई है, जिसके लिए आधार कार्ड होना जरूरी है। गैस सब्सिडी भी सीधे खातों में जा रही है, 31 अगस्त तक आधार कार्ड जमा नहीं करवाते हैं तो लोगों को बाजार दामों पर सिलेंडर खरीदना पड़ेगा। उधर, अतिरिक्त उपायुक्त हिमांशु शेखर चौधरी का कहना है कि समस्या का जल्द ही समाधान करवा दिया जाएगा।
