
ऊना। उद्योगपति की गोली मारकर हत्या करने की वारदात में पुलिस ने पांचों आरोपियों को शनिवार को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय से दो आरोपियों को दो दिन के पुलिस रिमांड में रखने के आदेश हुए हैं। अन्य तीन हत्या आरोपियों को चार दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया। पुलिस ने न्यायालय में अरजी दायर करते हुए हत्या आरोपियों को रिमांड पर भेजने की मांग की थी। पुलिस ने तर्क दिया था कि सभी आरोपियों से अभी पूछताछ एवं बरामदगी शेष है। न्यायालय ने पुलिस की अरजी पर सुनवाई के दौरान दो आरोपियों को रिमांड तथा तीन को न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए। एसपी रविंद्र शर्मा ने बताया कि पांचों आरोपियों को कोर्ट मेें पेश किया गया था। न्यायालय से प्रदीप गुप्ता और अनिल कुमार उर्फ सेठू को दो दिन के पुलिस रिमांड में रखने के आदेश हुए। आरोपी सुनील कुमार उर्फ चरणा, अरुण कुमार उर्फ मणि और राजीव कुमार कौशल को चार दिन की न्यायिक हिरासत में रखने के आदेश हुए। एसपी ने कहा कि रिमांड में लिए गए आरोपियों से कड़ी पूछताछ की जा रही है। वारदात से जुड़े अन्य रहस्य से पुलिस पर्दा उठाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति की बाइक को वारदात के दौरान इस्तेमाल किया गया था, उससे भी पुलिस ने पूछताछ की है। बाइक मालिक को पुलिस ने फिलहाल छोड़ दिया है, लेकिन साथ ही उसे हिदायत दी है कि वह पुलिस जांच में सहयोग करे।
