
कुल्लू। मानसून सीजन से निपटने के लिए लोनिवि ने जहां अपने करीब ढाई हजार फील्ड कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द की हैं, वहीं बरसाती मौसम में पेयजल की किल्लत लोगों को न आए, इसके लिए आईपीएच ने भी कमर कस ली है।
आईपीएच सर्कल कुल्लू ने भी मानसून को देखते हुए करीब तीन हजार फील्ड कर्मचारियों के अवकाश पर पाबंदी लगा दी है। इसमें विभाग के जेई भी शामिल होंगे। ऐसे में आईपीएच के कर्मी अगले दो माह तक छुट्टी पर नहीं जा सकेंगे। विभाग की ओर से बाकायदा इसके आदेश जिला कुल्लू के आनी-निरमंड, कुल्लू-1 तथा कुल्लू-2 के अलावा कुल्लू सर्कल के अंडर आने वाले लाहौल डिवीजन को जारी कर दिए हैं। अधीक्षण अभियंता पीवी वैद्य ने कहा कि बरसात के दिनों पेयजल योजना प्रभावित न हो और जनता को पीने के पानी की समस्या न झेलनी पड़े, इसको लेकर विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। उन्होंने कहा कि उनके सर्कल में चार डिवीजन आते हैं और हर डिवीजन में 7 से 8 सौ के बीच फील्ड स्टाफ तैनात है। छुट्टी रद्द होने के आदेश विभाग के जेई स्तर के अधिकारियों तक लागू होंगे। इस दौरान सिर्फ आपातकालीन अवकाश ही मिलेगा। एसई ने कहा कि यह आदेश मानसून के समाप्त होने तक जारी रहेगा। विभाग बरसाती मौसम के दिनों में जनता को बेहतर पेयजल सुविधा उपलब्ध करवाने में प्रयासरत है।
