तीन भाइयों का आशियाना बना राख का ढेर

बालीचौकी (मंडी)। सराजघाटी की दूरदराज ग्राम पंचायत सोमनाचनी के डमसेहड़ गांव मे तीन मंजिला मकान अग्निकांड की भेंट चढ़ गया। आग लगने के कारणाे का फिलहाल पता नहीं चल पाया है लेकिन अग्निकांड में लाखों का नुकसान हुआ है। घटना रविवार सुबह करीब नौ बजे के आसपास हुई। अग्निकांड की भेंट चढ़े तीन मंजिला मकान में तीन भाई संयुक्त रूप से रहते थे।
रविवार सुबह 9 बजे के आसपास डमसेहड़ गांव में मकान से आग की लपटें और धुआं उठने लगा। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को चपेट में ले लिया। तीन मंजिला मकान राख की ढेर में तबदील हो गया। यह मकान तीन भाइयाे झाणु राम, दलीप सिंह तथा कंवर सिंह का था। आग लगने से जानमाल का कोई नुकसान नहीं हुआ है। हालांकि, आसपास से लोगों ने आग पर काबू पाने का प्रयास भी किया लेकिन बेकाबू आग को बुझाने में उन्हें सफलता नहीं मिली। अग्निकांड से लगभग चार लाख के नुकसान का अंदाजा लगाया जा रहा है। स्थानीय पंचायत प्रधान ने घटनास्थल का दौरा किया। पंचायत प्रधान चंद्रावती ने अग्निकांड की पुष्टि की है।

Related posts