तीन दिन बाद मिल रहा पेयजल

भोजनगर (सोलन)। कसौली निर्वाचन क्षेत्र की आधा दर्जन उठाऊ पेयजल योजनाएं सूखने की कगार पर हैं। ऐसे में गांवों में तीन दिन बाद पानी की सप्लाई की जा रही है। जिसके कारण लोगों को काफी परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं।
कसौली के जोहड़जी, क्यारूआ सिहारड़ी, किरन चाकली, बसंदला बियूली, टिक्करी, कमलोग और धार पटियाला के लिए बनी पेयजल योजनाओं में 30 प्रतिशत जलस्तर कम हो गया है। जिसके कारण ग्राम पंचायत भोजनगर, अन्हेच, काबा कलां और नेरी कलां के लगभग 40 से अधिक गांव तड़ोल, बड़ांह, क्यारूआ, कयारद, भोगड़ी, बागडी, कलोग, चमोग, भोजनगर, गटोली, जझयार, काबा धारगुडा, कुत्थड और मांहिया आदि गांव में पेयजल सप्लाई तीन दिन बाद हो रही है। इसके कारण क्षेत्र के लोगों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी रणजीत सिंह वर्मा, चमन लाल, प्रकाश ठाकुर, बलबीर सिंह, दयाल सिंह, कुशाल सिंह, टिका राम, विजय कुमार और प्रेम सिंह के अनुसार पानी की सप्लाई कम होने के कारण उन्हें प्राकृतिक जलस्रोतों से पानी ढोना पड़ रहा है। उन्होंने इस संबंध में प्रशासन से इलाके में टैंकर द्वारा सप्लाई किए जाने की मांग की है।
वहीं इस विषय में जब सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त सहायक अभियंता एसके गुप्ता के अनुसार क्षेत्र की 6 पेयजल योजनाओं का जलस्तर 30 प्रतिशत से भी कम हो गया है जिसके कारण सप्लाई में कमी हुई है। गांव में पेयजल सप्लाई के लिए पानी के टैंकर लगाने के लिए ग्राम पंचायत का प्रस्ताव एसडीएम को भेजने पर इस पर एसडीएम द्वारा ही निर्णय लिया जाता है।

Related posts