
ऊना। जिले में बुधवार रात से हुई भारी बारिश ने विभिन्न क्षेत्रों मेें जमकर कहर बरपाया। रात से शुरू बारिश का क्रम वीरवार सुबह तक जारी रहा। भारी बारिश ने मक्की की फसल को बुरी तरह तहस-नहस कर दिया है। बरसात के चलते जहां लिंक रोड, पुल को नुकसान पहुंचा और कई घराें में पानी घुस गया, वहीं मक्की की फसल बरसात से तबाह हो गई। इससे किसानों में तनाव की स्थिति बढ़ गई है। हालत यह है कि बरसात का पानी खेतों में भर गया है, जिससे फसल के खराब होने का डर सता रहा है। पिछले कई दिन से हो रही लगातार बारिश ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी है।
किसान जगतार सिंह, राजेंद्र कुमार, हरबंस लाल,करनैल चंद, बलदेव कुमार, विक्रम, रमेश चंद, नानक चंद व रमेश शर्मा ने बताया कि वे भारी कर्ज लेकर कड़ी मेहनत से खेतों में फसलों को बोते हैं। ताकि फसलों की अच्छी पैदावार होने पर लाभ मिल सके, लेकिन हर वर्ष प्रकृति की मार के चलते उल्टा उनका लाखों रुपये का नुकसान हो रहा है। किसानों ने बताया कि पिछले लगभग एक सप्ताह से चली भारी बारिश के चलते खेतों में मक्की की फसल को काफी क्षति पहुंची है। इसके चलते उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा है। उधर, अंब, गगरेट, मुबारिकपुर एवं नंगड़ा में सड़कें बरसात के चलते उखड़ गई हैं, जिससे सड़काें के बीचों-बीच बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जो वाहन चालकों के लिए मुसीबतों का सबब बन गए हैं। वहीं कई घरों में पानी घुस गया। उपायुक्त अभिषेक जैन ने कहा कि जिले भर से बारिश से हुुए नुकसान की रिपोर्ट मंगवाई गई है।
