
आनी (कुल्लू)। रविवार को आनी खंड की देउठी पंचायत में करंट लगने से मेघ सिंह की मौत हो जाने के बाद जहां क्षेत्र में शोक की लहर है, वहीं प्रशासन ने बिजली बोर्ड के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। एसडीएम आनी नीरज गुप्ता ने बताया कि प्रशासन द्वारा हादसे की रिपोर्ट तैयार कर डीसी कुल्लू को भेज दी गई है। हालांकि बिजली की तारों की समस्याओं को लेकर क्षेत्र के लोगों ने कई बार बिजली बोर्ड और प्रशासन से तारों को हटाने की मांग की थी, लेकिन शायद बिजली बोर्ड और प्रशासन इस हादसे का इंतजार कर रहा था।
एसडीएम ने बताया कि प्रशासन ने विभाग को बिजली के पुराने पोल, छतों के ऊपर से गुजर रही तारों के अलावा बागीचों के बीच से सटी तारों को हटवाने के लिए सर्वे करने के निर्देश जारी कर दिए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से हादसे में मारे गए मेघ सिंह के परिवार को दस हजार रुपये की फौरी राहत दे दी गई है। इधर, क्षेत्र के विधायक खूबराम आनंद ने इस हादसे में मेघ सिंह की मौत पर गहरा शोक प्रकट किया है और इस मामले में छानबीन करने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि बिजली की समस्या क्षेत्र में बहुत पुरानी है। जिसे दुरुस्त करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे ताकि भविष्य में इस तरह के हादसे न हों। इधर, इस बारे में डीसी कुल्लू राकेश कंवर का कहना है कि इस मामले को लेकर बिजली बोर्ड के साथ बैठक की जा रही है। इसमें आनी क्षेत्र में जल्द विद्युत सेवाओं को दुरुस्त करने के निर्देश जारी किए जाएंगे।
