तहसील से बैरंग लौटाए छात्र

बड़सर (हमीरपुर)। उपमंडल की तहसील कार्यालय में प्रमाण पत्र नहीं बन पा रहे हैं। स्कूली बच्चे तीन चार दिनों से प्रमाण पत्र बनवाने तहसील कार्यालय पहुंच रहे हैं। तीन दिन बाद बिना प्रमाण पत्र खाली हाथ लौटना पड़ा। क्षेत्र के 10 से 15 किमी दूर से तहसील कार्यालय प्रमाण पत्र बनाने आए थे, लेकिन प्रमाण पत्र नहीं बनने से खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।
29 सितंबर रविवार को बिलासपुर में लड़कों की भर्ती है। बच्चे सेना के स्कूलों में भर्ती होने के लिए प्रमाण पत्र बनवाने को तहसील कार्यालय आए थे। भोटा क्षेत्र के आस पास के गांवों से आए लड़कों नितिन, भानू, सन्नी, विशाल, अमित, सुमित, रोहित, विकास, रोहन, निखिल, निश्चल, विक्की, अनुज और कमल ने बताया कि 26, 27 सितंबर को प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया था लेकिन प्रमाण पत्र नहीं मिला।
गारली क्षेत्र के गांवों से आए लड़कों सौरभ, सुशांत, निशांत, सन्नी, नीरज, रिंकू, विपिन, रजत तथा दीपक ने बताया कि प्रमाण पत्र बनाने के लिए तीन दिन पहले आवेदन किया है। प्रतिदिन सुबह कार्यालय पहुंच रहे हैं तथा शाम को खाली हाथ लौट रहे हैं। बच्चों के अभिभावकों कुलवंत सिंह, उमा शंकर, संतोष कुमार, राजो देवी, रेखा देवी ने प्रमाण पत्र नहीं मिलने पर रोष जताया।

प्रमाण पत्र के अधिक आवेदन आने तथा बार-बार सर्वर डाउन होने से समस्या बढ़ गई है। 26, 27 सितंबर आवेदकों के प्रमाण पत्र बनाने को प्राथमिकता दी गई लेकिन 28 सितंबर के आवेदकों के प्रमाण पत्र नहीं बन पाए।
-ओपी शर्मा, नायब तहसीलदार

Related posts