तलाकशुदा महिला से दुष्कर्म

मैड़ी (ऊना)। एक तलाकशुदा महिला से एक व्यक्ति ने दुराचार किया है। आरोप है कि आरोपी इस महिला को शादी का झांसा देकर दो साल तक दुष्कर्म करता रहा। उपमंडल अंब के तहत पड़ते एक गांव की महिला का कहना है कि आरोपी मूलत: हमीरपुर जिले का रहने वाला है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने उसके तथा उसके पति के बीच मनमुटाव पैदा किया और महिला पर पति से तलाक लेने का दबाव बनाया। आरोपी ने उसे झांसा दिया कि तलाक के बाद वह उसके साथ शादी करेगा। पुलिस के अनुसार महिला ने आरोपी के बहकावे में आकर अपने पति को तलाक तो दे दिया, लेकिन अब आरोपी ने उससे शादी नहीं की, जबकि इसकी आड़ में वह दो साल तक उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। महिला की अपने पति से एक संतान भी है। महिला ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करने के लिए न्यायालय में अरजी दायर की थी। न्यायालय के आदेशों पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुराचार का मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अंब में महिला का मेडिकल भी करवाया है। पुलिस को महिला की मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार है। अंब के डीएसपी मदनलाल कौशल ने बताया कि पुलिस ने अदालत के आदेश पर भादंसं की धारा 376 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि आरोपी ने भी अग्रिम जमानत के लिए न्यायालय में अरजी दे रखी है।

Related posts