ढालपुर से सेऊबाग तक चलाएं मुद्रिका

खराहल (कुल्लू)। वामतट से सटी तीन पंचायतें नेऊली, गाहर और काईस के लोगाें ने सेऊबाग से कुल्लू तक मुद्रिका बस चलाने की मांग की है। तीन पंचायतों ने इस बाबत प्रस्ताव पारित किया है। जल्द ही प्रस्ताव मुख्यमंत्री को सौंपा जाएगा। किसानसभा के उपाध्यक्ष देवराज नेगी ने कहा कि कार्यकारिणी की बैठक में प्रस्ताव पास कर सदर के विधायक महेश्वर सिंह को भेजा है। विधायक ने इस मांग को पूरा करवाने का आश्वासन दिया है।
ग्रामीणों का कहना है कि इन पंचायतों के लोगों को अपने रोजमर्रा के काम के लिए कुल्लू आना पड़ता है। समय पर बस न मिलने से लोगों आटो, रिक्शा और जीप में घर जाने पर अधिक पैसे खर्च करना पड़ते हैं। नेऊली पंचायत के बीडीसी सदस्य सुंदर सिंह, पंचायत प्रधान सेवती देवी, उपप्रधान विशाल महंत, गाहर के उपप्रधान ओम प्रकाश, वार्ड पंच पूर्ण चंद, गाहर बीडीसी सदस्य गेहरी देवी और स्थानीय निवासी गीता ठाकुर, अमर, नवीन, बुद्धि प्रकाश शर्मा, सुरेश, शन्नो देवी, रोशन और सतीश ठाकुर ने हिमाचल पथ परिवहन निगम से सेऊबाग से ढालपुर तक मुद्रिका बस चलाने की मांग की है। राईट बैंक में बाशिंग से आगे बबेली तक भी यह सेवा देने का आग्रह किया है।
नलहाच के प्रधान तारा चंद कौशिक ने बताया कि बाशिंग तक हिमाचल पथ परिवहन निगम की मुद्रिका बस चलाई जाती है लेकिन इसके आगे बबेली तक बस सुविधा नहीं है। बबेली तक मुद्रिका बस चलाने से सैकड़ों ग्रामीणों के अलावा आईटीबीपी जवानों को यातायात सुविधा मिलेगी। कुल्लू सदर के विधायक महेश्वर सिंह ने बताया कि ग्रामीणों की मांग पर संबंधित विभाग से विचार-विमर्श किया जाएगा। औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद प्राथमिकता के आधार पर लोगों की समस्या को सुलझाने का प्रयास किया जाएगा।

Related posts