ढालपुर में प्रदेश का सबसे बड़ा अस्थायी बाजार

कुल्लू। ऐतिहासिक ढालपुर मैदान में सोमवार से प्रदेश का सबसे बड़ा अस्थायी बाजार सजना शुरू हो गया है। उत्सव के आयोजन से जुड़े लोगों का कहना है कि इस बार दशहरा उत्सव का कारोबार पिछले कई सालों के रिकार्ड तोड़ने का आतुर है। दशहरा उत्सव में हर वर्ष करीब 150-200 करोड़ रुपये के आसपास कारोबार होता है।
इस वर्ष ढालपुर मैदान में लगने वाले अस्थायी बाजार की दुकानें करीब दो करोड़ तीस लाख रुपये में नीलाम हुई हैं। पिछले वर्ष दुकानों की नीलामी से प्रशासन को एक करोड़ साठ लाख रुपये की आमदनी हुई थी। पिछले वर्ष घाटी में सेब और अन्य फसलों की इतनी बंपर पैदावार नहीं थी फिर भी दशहरा उत्सव में अच्छा कारोबार हुआ। इस वर्ष कुल्लू और मंडी जिला के किसानों और बागवानों को अपने उत्पादों के अच्छे दाम मिले हैं। इस साल कुल्लू जिला में किसानों और बागवानों को अपने उत्पादों से करीब 477 करोड़ की आमदनी हुई है जो पिछले वर्ष के मुकाबले 70 प्रतिशत ज्यादा है। इस कारण अधिकतर लोग अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव के करोबार में पिछले कई रिकार्ड टूटने की उम्मीद लगा रहे हैं। एडीएम विनय सिंह ने बताया कि इस साल दशहरा उत्सव की दुकानों से करीब दो करोड़ तीस लाख की आमदनी हुई है जबकि पिछले वर्ष दुकानों की नीलामी से करीब एक करोड़ साठ लाख रुपये की आमदनी हुई थी। एपीएमसी के सचिव प्रकाश कश्यप ने बताया कि इस वर्ष जिला के किसानों और बागवानों को अपने उत्पादों से करीब 477 करोड़ की आमदनी हुई है जो गत वर्ष के मुकाबले करीब 70 फीसदी ज्यादा है। इस वर्ष दशहरा उत्सव में अच्छा कारोबार होने की उम्मीद है।

Related posts