
टौणीदेवी (हमीरपुर)। टौणीदेवी क्षेत्र में बारिश निरंतर अपना कोहराम मचाती जा रही है। पीपल गाहरा गांव में एक परिवार के तीन संगे भाइयों के मकान ध्वस्त हो गए। इसी तरह से बनालग में एक व्यक्ति की ढांक से गिरने के कारण मौत हो गई। कई मवेशीखाने भी ध्वस्त हो गए तथा एक भैंस दबकर मर गई। प्रशासन की ओर से अभी तक किसी प्रभावित को राहत राशि नहीं मिल पाई है।
मिली जानकारी के अनुसार पौंहज पंचायत के बनालग गांव में एक युवक की ढांक से गिरने से मौत हो गई। शुक्रवार सुबह किसी काम से जा रहा था कि अचानक फिसलन के कारण ढांक से गिर गया और उसके सिर पर गंभीर चोटें आई थी। गंभीर अवस्था में परिजन सिविल अस्तपाल टौणी देवी ले आए, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक 24 वर्षीय सुनील कुमार पुत्र रमेश चंद की शादी अभी दो साल पहले ही हुई थी। परिवार पर विपत्तियों का कहर टूट पड़ा है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों के हवाले कर दिया। स्पाहल पंचायत के पीपल गाहरा गांव में तीन संगे भाइयों के शुक्रवार शाम को तेज बारिश के कारण ध्वस्त हो गए। बारिश का प्रकोप इतना तेज था कि मानों बादल फटने जैसी नौबत हो गई थी। तेज पानी के बहाव के कारण तीनों मकान गिर गए। तीन भाइयों महिंद्र, तोतू और छोटू के परिजनों ने बाहर निकलकर जान बचा ली लेकिन घर के अंदर रखा समान बह गया जिससे लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
टपरे पंचायत के दरकोटी गांव में रोशन लाल की गौशाला ध्वस्त हो गई। एक भैंस को ग्रामीणों ने निकाल लिया लेकिन एक अंदर दबकर ही मर गई। टपरे पंचायत के प्रधान मदन लाल ने परिवार को आर्थिक सहायता की मांग की। छत्रैल गांव में बलि राम, सावित्री देवी की गौशालाएं भी ध्वस्त हो गई। ककड़ में एक व्यक्ति का मकान गिर गया। इसी तरह से बराड़ा में एक गौशाला ध्वस्त हो गई। बराड़ा पंचायत के लड़योह गांव के मिलाप चंद की गौशाला भी ध्वस्त हो गई। इस संबंध में एसडीएम हमीरपुर सतीश शर्मा का कहना है कि पीपल गाहरा की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर जाने के लिए तहसीलदार को आदेश दिए गए हैं जिससे प्रभावितों को मदद मिल सके। अन्य स्थानों पर प्रभावितों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।
