ढली में बागवानों से हो रही लूट खसोट

कोटखाई (शिमला)। ढली मंडी में बागवानों के साथ खुलेआम लूट खसोट की जा रही है। यहां बागवानों से सेब की अरली वैरायटी टाइडमैन और नाशपाती पर प्रति पेटी (सेपरेटर) 20 प्रतिशत मूल्य की कटौती की जा रही है। आढ़तियों द्वारा जबरन की जा रही इस लूट खसोट को रोकने वाला कोई नहीं है। इससे बागवान खासे चिंतित हैं।
बागवान हेतराम चौहान, जगदीश चंदेल, हरिदत्त, राजू चौहान, देवीराम चौहान, बेबू चौहान, महिंद्र सिंह तथा मदन चौहान ने बताया कि उन्होंने शिमला की ढली मंडी में टाइडमैन सेब तथा नाशपाती की पेटियां भेजी थीं। सेब और नाशपातियों के दाम उन्हें 1000 रुपये से लेकर 1500 रुपये तक प्रति पेटी मिले। इसमें से 20 प्रतिशत राशि सेपरेटर की पेटियों पर आढ़तियों द्वारा काटी गई। ऐसा पहली बार हुआ है कि आढ़तियों ने सेपरेटर की राशि काटी है। बागवान जगदीश चंदेल बरलोट ने बताया कि वह नाशपाती का एक अलॉट ढली मंडी ले गए थे, जो एक हजार रुपये प्रति पेटी बिका था। इसमें लार्ज, मीडियम, स्मॉल, एक्सट्रा स्माल की 34 पेटियों का मूल्य आढ़तियों ने एक हजार रुपये दिया गया। जबकि 50 पेटी सेपरेटर 800 रुपये प्रति पेटी का मूल्य 20 प्रतिशत कटौती करके दिया गया है। बागवानों ने सरकार से आढ़तियों की मनमर्जी पर अंकुश लगाने की मांग की है। उधर, हिमाचल प्रदेश मार्केटिंग बोर्ड के निदेशक एचएस बावेजा ने बताया कि जिन बागवानों से 20 प्रतिशत कटौती की गई है, वे शिकायत करें। शिकायत पर गंभीरता से अमल कर आढ़तियों के लाइसेंस रद किए जाएंगे।

Related posts