डोडरा क्वार में नौ पैदल पुल बहे

रोहड़ू। भारी बारिश के बाद डोडरा क्वार क्षेत्र में गांवों को जोड़ने वाले पैदल मार्ग पूरी तरह बंद हो गए हैं। भारी बारिश से क्षेत्र की पांच पंचायतों में नौ पैदल पुल बह गए हैं। डोडरा क्वार के बीच रूपन नदी के कटाव से क्वार उपमंडल मुख्यालय को जोड़ने वाली मुख्य सड़क भी बंद पड़ी है। इसके चलते लोगों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पंडार, जांखा जिश्कुण तथा धारा गांव के बीच नालों पर पैदल चलने के लिए बनाए गए सभी पैदल पुल बह गए हैं। लोग लकड़ी की कड़ी के सहारे नालों को पार कर रहे हैं। डोडरा और क्वार पंचायत में भी कई पुल तेज पानी के बहाव की चपेट में आने से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। क्वार से कुछ किलोमीटर पहले रूपन नदी के बहाव से डोडरा क्वार के बीच मुख्य सड़क का भी एक बड़ा हिस्सा बह गया है। सड़क के ऊपर की ओर पहाड़ी में भूस्खलन के कारण लोनिवि को सड़क बहाल करने में भारी परेशानी हो रही है। पंचायतों की ओर से बारिश के दौरान हुए नुकसान की सूचना एसडीएम कार्यालय क्वार को दे दी गई है। एसडीएम अशोक चौहान ने क्षेत्र में बारिश से नौ पैदल पुलों के बहने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि लोगों की सुविधा के लिए ग्रामीणों को अस्थायी पुल तैयार करने के लिए कहा गया है। उन्होंने कहा कि मुख्य सड़क नदी के बहाव से कट चुकी है। वहां भूस्खलन के कारण सड़क को दोबारा बनाने में परेशानी हो रही है। उन्होंने लोनिवि से अस्थायी तौर पर सड़क खोलने के निर्देश दिए हैं।

Related posts