डेरा संचालन को लेकर भड़का गुस्सा

हरोली/दुलैहड़ (ऊना)। क्षेत्र के डेरा गिड़गिड़ा साहिब में डेरा संचालन को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा भड़क गया। रविवार को पूबोवाल गांव की दर्जनों महिलाओं ने डेरे के बाहर धरना-प्रदर्शन कर डाला। इसके चलते माहौल काफी देर तक तनावपूर्ण हो गया। मामला गरमाता देख पुलिस भी दल-बल सहित मौके पर पहुंच गई थी। काफी देर तक चली गहमागहमी के बाद ग्रामीणों के हक में फैसला हुआ। एसडीएम धनवीर ठाकुर और एएसपी वीरेंद्र सिंह ठाकुर भी मौके पर पहुंच गए थे, जिनकी मौजूदगी में विवाद हल करवाया गया।
डेरे में मुख्य ग्रंथी की ओर से सभी वित्तीय मामलों समेत अन्य फैसलों को अपने हाथ में लेने के चलते ग्रामीणों में रोष था। इसके चलते कई दिनों से ग्रामीणों की मुख्य ग्रंथी के साथ बहस भी हो चुकी थी। ग्रामीण डेरे के सभी प्रकार के प्रभार डेरा प्रमुख बाबा जीवन सिंह को दिए जाने के हक में थे। लेकिन दूसरे पक्ष की ओर से इस पर कोई सहयोग न दिए जाने से विवाद बढ़ गया। धरने पर बैठी महिलाएं डेरे का पूरा नियंत्रण बाबा जीवन सिंह को देने के साथ मुख्य ग्रंथी और उनके परिजनों का पूरा हस्तक्षेप खत्म करने पर अड़ी हुई थीं। दूसरे पक्ष ने भी इस संदर्भ में पुलिस को सूचना दी। एहतियातन महिला एवं पुरुष पुलिस कर्मियों को डेरे में तैनात करवा दिया।
उधर, डेरा गिड़गिड़ा साहिब से सतनाम सिंह ने कहा कि वह डेरे में पाठ किया करेंगे। डेरे का रखरखाव और अन्य देखभाल का कार्य कमेटी के हवाले रहेगा।

कोट्स
मुख्य ग्रंथी से डेरे के सभी चार्ज लेकर बाबा जीवन सिंह को दे दिए गए हैं। डेरा के पूर्व संत खुशी राम के नाम जो धन बैंकों में जमा है, उसका नोमिनी अब जीवन सिंह को बना दिया गया है। इस मौके पर एक नई कमेटी का गठन भी किया गया। यही कमेटी डेरा संचालन का काम देखेगी। दोनों पक्षों ने इस फैसले पर सहमति जताई है।
-धनवीर ठाकुर, एसडीएम

विरोध प्रदर्शन में यह रहे शामिल
सुलिंद्र कौर, हाजिंद्र कौर, मनदीप कौर, हरवीन कौर, राजविंद्र कौर, जसविंद्र कौर, चरणजीत कौर, रेशम कौर, तनवीर कौर, प्यारो, मनजीत कौर, कुलदीप कौर, कश्मीर कौर, पुष्पा देवी, बख्शीश कौर, जगमोहन कौर, गुरमीत कौर, सीमा रानी, कमला रानी, सर्वजीत कौर, दर्शन, विद्या देवी, रेशम कौर, नरेंद्र कौर, मानसी शर्मा, सुरजीत कौर, केवल कौर, दर्शन कौर, संतोष कौर, मीना कुमारी सहित दर्जनों लोग मौजूद थे।

Related posts