
लुधियाना: एलिवेटिड रोड के तीखे मोड़ों पर अब तक हुई दुर्घटनाओं में सीधा नीचे सड़क पर गिरने के कारण 9 व्यक्तियों की मौत होने के मामले में नगर निगम अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विभिन्न संगठनों ने आज चांद सिनेमा के समीप पुल पर धरना लगाकर आवाजाही ठप्प रखी।
जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। हिंदू-सिख जागृति सेना, एक्टिव एंटी करप्शन ग्रुप, एक्शन अगेंस्ट करप्शन के सदस्यों ने कहा कि निगम में विकास की आड़ में करोड़ों के घोटाले हो रहे हैं। लेकिन पुल बनने के करीब एक दशक बाद भी प्रशासन यहां जालियां नहीं लगवा पाया। सदस्यों के मुताबिक हादसों के बाद निगम ने कुछ इंच की बैरिगेटिड, स्पीड ब्रेकर व टै्रफिक लिमिट के बोर्ड लगवाने पर तो पैसे खर्च कर दिए।
जबकि जालियां लगाने का मुद्दा टैंडरों पर अटका रहा, जिससे लोगों की जान-माल की सुरक्षा के प्रति निगम की संजीदगी साफ हो गई है। इससे भी बढ़कर टै्रफिक जाम होने की सूचना मिलने उपरांत मौके पर पहुंची पुलिस के ए.सी.पी. का फोन भी कमिश्नर ने नहीं उठाया। इस पर जे.एल. चेजियन ने आगे से कोई हादसा न होने देने की जिम्मेदारी लेते हुए धरना खत्म करवाया। इस मौके पर प्रवीण डंग, अश्विनी कत्याल, रमेश बांगड़, हरदियाल सिंह अमन, गुरविंद्र छतवाल, नरिंद्र मेहरा, मनप्रीत छिब्बू, जसप्रीत सिंह, संदीप, अंकित, रिंकू सेखेवाल, कर्ण बांगड़, गुरजिंद्र मैकी, वरिंद्र गागट, अशोक कल्याण, कमल किशोर बग्गा मौजूद थे।
