
कुल्लू। बाजौरा के पास पुलिस ने नाके के दौरान एक महिला को चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने महिला पर एनडीपीएस एक्ट 20 के तहत मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक एसएचओ भुंतर लाल चंद ने बाजौरा चैकपोस्ट के पास पुलिस टीम के साथ नाका लगा रखा था। इस दौरान पुलिस आने-जाने वाले वाहनों की तलाशी ले रही थी। पुलिस ने बस में तलाशी के दौरान एक महिला के कब्जे से एक किलो पांच सौ ग्राम चरस बरामद की है। डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि आरोपी महिला की पहचान ब्यासर निवासी प्रभा देवी के रूप में हुई है। डीएसपी ने बताया कि आरोपी महिला को पुलिस गिरफ्तार कर उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है। डीएसपी ने बताया कि पुलिस ने जिले की सभी संदिग्ध जगहों पर नाका लगा रखा है। उन्होंने बताया कि चरस के धंधे में संलिप्त तस्करों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। मामले की जांच एसएचओ भुंतर लाल चंद कर रहे हैं।
