
ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। ज्यूरी से गानवी सड़क के सुधार के लिए प्रदेश सरकार ने 1.50 करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया है। जल्द ही सड़क को चौड़ा कर इसे पक्का करने का काम भी शुरू कर दिया जाएगा।
रामपुर ब्लॉक के पंद्रहबीस क्षेत्र को जोड़ने वाली यह सड़क कई दशकों से पक्की नहीं हो पाई थी। ज्यूरी-गानवी सड़क पंद्रहबीस क्षेत्र की पांच पंचायतों को जोड़ने वाली मुख्य सड़क है। लेकिन दशकों से यह सड़क कच्ची है। इस बारे में रामपुर लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन अभियंता केके कौशल का कहना है कि इस सड़क के कार्य को कोई ठेकेदार नहीं ले रहा है। इस सड़क को पक्का करने का कार्य 2006-2007 में शुरू हुआ था। उस समय गानवी में बाढ़ आने से इस सड़क को भी नुकसान हुआ था और ठेकेदार ने काम छोड़ दिया था। अब इस कार्य को पूरा करने का टेंडर लगा हुआ है। जिसमें इस सड़क की टायरिंग, मैटलिंग के साथ-साथ नालियां किलोमीटर स्टोन साइन बोर्ड और इसकी रूटीन मरम्मत का टेंडर लगा हुआ है। यदि कोई ठेकेदार टेंडर लेता है तो जल्द ही इस सड़क को पक्का कर दिया जाएगा।
