डेढ़ करोड़ से बनेंगे पुल: भरमौरी

भरमौर (चंबा)। वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी ने कहा कि भरमौर में सड़कों के निर्माण पर चालू वित्त वर्ष के दौरान 8.33 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। उन्होंने भरमौर में लोक निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि इस वर्ष पुलों के निर्माण पर एक करोड़ 60 लाख रुपये, जबकि भवनों के निर्माण पर एक करोड़ 70 लाख रुपये के बजट का प्रावधान किया गया है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जो ठेकेदार बिना वजह कार्यों को लटका रहे हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाए। जिससे तय समय अवधि में सभी निर्माण कार्य पूरे हों। वन मंत्री ने भरमौर-चौबिया-सेरकाओ-हड़सर मार्ग के अलावा कुगति गांव तक को प्राथमिकता के आधार पूरा करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा कुगति स्कूल भवन का काम 10 जुलाई तक पूरा करने को कहा है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि खड़ामुख से भरमौर तक सड़क के सभी ब्लैक स्पॉट जल्द सुधारें। उन्होंने चौरासी मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण के लिए परियोजना रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय लोगों से बिजली परियोजनाओं के निर्माण में सहयोग की अपील की है।
……..
थल्ला ट्राउट फार्म का शिलान्यास आज
होली चंबा। वन एवं मत्सय मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी 22 जून को मत्सय विभाग के चार कार्यक्र मों में बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे। जिला लोक संपर्क अधिकारी रवि वर्मा ने बताया कि रविवार को वनमंत्री सुबह 10 बजे थल्ला में ट्राउट फार्म का शिलान्यास करेंगे। इसके बाद 11 बजे होली में विभाग के एंगलिंग हट का उद्घाटन करके उसका लोकार्पण करेंगे। वनमंत्री होली में ही ट्राउट फार्म के लिए अतिरिक्त जलापूर्ति एवं फार्म विस्तार कार्य योजना का शिलान्यास भी करेंगे। इसके साथ ही दोपहर करीब साढे तीन बजे धरवाला में एक्सवेरियम हाउस एवं म्यूजियम केंद्र भवन की आधारशिला रखेंगे।

Related posts